मलखान सिंह जिला अस्पताल में बंद पड़ी एक्स-रे मशीन
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ जिला अस्पताल में मशीनों के रखरखाव में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां की एक्स-रे मशीन तीन दिन से खराब है। इसका कारण चौंकाने वाला है, चूहों ने इस मशीन के तार कुतर दिए हैं। इससे एक्स-रे नहीं हो पा रहा और मरीज भटक रहे हैं।
शासन की ओर से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है, लेकिन स्थानीय स्टाफ की लापरवाही के कारण उन्हें इनका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूर मरीजों की हालत सबसे खराब है। उन्हें बाहर प्राइवेट क्लीनिक में एक्स-रे कराना पड़ रहा है, जहां एक एक्स-रे पर 200 से 300 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। कई गरीब परिवार इतना पैसा नहीं होने से बिना एक्स-रे कराए दवा लेकर घर लौट रहे हैं। हाथ-पैर में चोट लगने या सूजन होने पर भी डॉक्टर बिना एक्स-रे देखे इलाज कर रहे हैं।
मरीज शिवांश ने बताया कि जिला अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब होने की वजह से बाहर से कराना पड़ रहा है। पुनीत कुमार जैसे कई मरीज परेशान हैं। अस्पताल में ऐसे मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। भाजपा पूर्व प्रदेश मंत्री राजेंद्र चीफ ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मशीनें ठीक कराई जाएं। चूहों से बचाव के इंतजाम किए जाएं।
चूहों ने एक्स-रे मशीन के तार काट दिए हैं। इस कारण से मशीन नहीं चल पा रही है। तकनीशियन को बुलाया गया है। शनिवार तक मशीन ठीक हो जाएगी।-डॉ. जगवीर सिंह वर्मा, सीएमएस जिला अस्पताल।