युवक ने अपने मित्रों से संपर्क कर गुरुग्राम में नौकरी की बात की थी, जहां उसे जाना था। वह वहां जा रहा था, बीच से वह लौट आया। उसके बाद वह घर से बाहर चला गया और घर के बराबर खंडहर मकान में फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली।
अलीगढ़ महानगर के महुआ खेड़ा क्षेत्र के कुलदीप विहार इलाके में नौकरी तलाशने जा रहे बेरोजगार युवक 22 वर्षीय सुमित ने 25 दिसंबर रात में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन 26 दिसंबर की सुबह उसे गुरुग्राम जाना था। इससे पहले वह रात में लापता हो गया। घर के इकलौते बेटे की आत्महत्या से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
महुआ खेड़ा क्षेत्र के कुलदीप विहार लेखराज नगर के ज्ञानप्रकाश रेलवे रोड पर कपड़े की दुकान में काम करते हैं। परिवार में पत्नी, बेटी साक्षी के अलावा अकेला बेटा सुमित भी था। पिछले दिनों कम वेतन से जुड़े कारणों के चलते उसने अपनी मॉल की नौकरी छोड़ दी थी। तब से वह बेरोजगार था। उसने अपने मित्रों से संपर्क कर गुरुग्राम में नौकरी की बात की थी, जहां उसे शुक्रवार को जाना था।
सुबह निकलने के लिए उसने बृहस्पतिवार को अपना बैग भी तैयार कर लिया था। बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे वह निकला, फिर रात करीब दस बजे वह घूमकर घर वापस आया। कुछ देर रुकने के बाद अचानक से कुछ देर में आने की कहकर चला गया। इस बीच परिवार के अन्य सदस्य सो गए, लेकिन सुमित नहीं आया।
विज्ञापन
सुबह जागने पर जब सुमित गायब मिला तो उसकी तलाश हुई। इसी बीच उसका शव घर के बराबर खंडहर मकान में लटका मिला। जांच में यह बात स्पष्ट नहीं हुई कि उसने यह कदम क्यों उठाया। परिवार भी कुछ नहीं बता पाया। सीओ कमलेश कुमार के अनुसार परिवार ने किसी तरह का विवाद या परेशानी नहीं बताई है और न कोई तहरीर मिली है। कारणों के संबंध में जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सुपुर्द कर दिया है।