धनीपुर मिनी एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की सुगबुगाहट के बीच जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। 10 जुलाई तक हर हाल में अधूरे काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार कर देर शाम डीएम चंद्रभूषण सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जो भी काम रह गए हैं, उनको हर हाल में तय समय में पूरा कर लिया जाए। काम में किसी तरह की देरी व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। बैठक में फायर सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनकी ओर से एनओसी जारी कर दी गई है।
बैठक में सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक दूरसंचार एनके सागर, राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर हरिओम शर्मा, परियोजना निदेशक विद्युत राजकीय (निर्माण निगम) आदिल हसन, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अशोक कुमार, नागरिक उड्डयन विभाग के संजीव सक्सेना, नायब नाजिर उमेश मित्तल आदि मौजूद रहे।
ये कार्य हैं प्रगति पर
- बीएसएनएल की टेलीफोन लाइन डालने का काम चल रहा है।
- रन-वे, एप्रैन, टैक्सी-वे, टर्निंग पेड, पार्किंग, सब स्टेशन, फायर स्टेशन, एटीसी टावर पर पेंटिंग आदि का काम।
- क्रैश गेट, मेन गेट सिक्योरिटी चेक पोस्ट का काम।
- फुलवारी, चारदीवारी, बम कूलिंग पिट, पूर्ण एप्रोज रोड का काम।
- रन-वे और एप्रिन पर मार्किंग का काम।
- एटीसी में 11 एसी लगाए जा रहे।
- सीसीटीवी और एक्सरे मशीन, लाउडस्पीकर का काम।
ये कार्य हो गए पूरे
- सीवर लाइन, वाटर सप्लाई, अंडर ग्राउंड टैंक, मेन गेट, फायर पिट, पंप रूम, मीटर रूम, बीसीबी रूम, ट्यूबवेल बोरिंग, मिट्टी भराई (रन-वे आदि के किनारे) का काम पूर्ण हो गया है।
- टर्मिनल बिल्डिंग में एसी, फायर, अलार्म, आंतरिक विद्युतीकरण, पावर वायरिंग का काम पूरा हो गया है।
- 500 और 125 केवीए के जनरेटर प्राप्त हो गए हैं।
- इमरजेंसी लाइट और आरओ वाटर एवं वाटर कूलर लगाने का काम पूरा हो गया है।
- स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा हो गया है।
- टर्मिनल बिल्डिंग में टिकट काउंटर और उद्घोषणा केबिन बन गए हैं।
अलीगढ़ से 19 सीटर जहाज भरेगा पहली उड़ान
धनीपुर मिनी एयरपोर्ट से बी-2 यानी 19 सवारियों की क्षमता वाला जहाज पहली उड़ान भरेगा। दरअसल, 15.70 मीटर के रनवे की क्षमता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि भविष्य में यहां से अगर अधिक सवारी के जहाजों की उड़ान को मंजूरी मिलती है तो 25 सवारी क्षमता तक के जहाजों को इसी रन-वे से उड़ाया जा सकता है।
72 सीटर प्लेन को लेकर नागरिक उड्डयन विभाग की गाइडलाइन है कि उसके लिए रनवे 2200 मीटर किया जाए। चौड़ाई को लेकर भी कहा है कि रन-वे के दोनों तरफ सौ-सौ मीटर की जगह छूटी होना अनिवार्य है।
लखनऊ की छह घंटे की दूरी 60 मिनट में होगी पूरी
अलीगढ़ के धनीपुर मिनी एयरपोर्ट से मुरादाबाद, लखनऊ व कानपुर के लिए उड़ान का प्रस्ताव है। पहले चरण में लखनऊ के लिए मंजूरी मिल चुकी है। एयरपोर्ट से हर रोज 19 सीट का जहाज उड़ान भरेगा। बताया जा रहा है कि लखनऊ तक का किराया करीब 2500 रुपया होगा। छह घंटे की दूरी महज 60 मिनट में पूरी हो जाएगी। लखनऊ के बाद अलीगढ़ से प्रदेश के कुछ अन्य शहरों के लिए हवाई यात्रा की सुविधा शुरू की जाएगी।