जिले में घरेलू हिंसा व पारिवारिक विवाद संबंधी महिला उत्पीड़न की शिकायतों के निस्तारण की मॉनीटरिंग का जिम्मा सीओ बरला सुमन कनौजिया को दिया गया है। एसएसपी ने उन्हें परिवार परामर्श केंद्र व महिला शिकायत प्रकोष्ठ का नोडल अफसर नियत किया है। साथ में सभी थानों व चौकियों को इस तरह की शिकायतों के लिए एक फार्म भरवाने के निर्देश दिए हैं, जिसका अपडेट नोडल अफसर तक आएगा।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि महिलाओं संबंधी मामलों के निस्तारण में परिवार परामर्श केंद्र, महिला शिकायत प्रकोष्ठ व थाने-चौकियों के बीच महिला चक्कर लगाती रहती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सीओ बरला सुमन कनौजिया को नोडल अफसर बनाया गया है। चूंकि सीओ बरला का दफ्तर एसएसपी दफ्तर में ही है। इसलिए उन्हें नोडल अफसर नियत किया गया है। साथ में सभी थाने व चौकियों को एक फार्म प्रपत्र भेजा जा रहा है। जो भी शिकायत यहां से मार्क होकर जाएगी, उस फार्म पर उसका वहां से विवरण भरकर भेजा जाएगा। महिला को एकल विंडो सिस्टम के तहत आना होगा। उसे इधर-उधर नहीं भटकना होगा।