सोमवार को तस्वीर महल पर नामांकन जुलूस के दौरान भाजपा और कांग्रेस के समर्थक आपस में ही भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले, जिसमें कई लोगों के कपड़े फट गए, जेबों से सामान गिर गया, शर्टों के बटन टूट गए। भाजपा समर्थकों ने मोदी-मोदी नारे लगा रहे थे तो कांग्रेस के जुलूस में चौकीदार चोर है के नारे लगे। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। बाद में किसी तरह हालात को नियंत्रित किया जा सका।
सोमवार को संयोग से एक समय में ही तस्वीर महल पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थक आमने सामने आ गए। भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम नामांकन करने जा चुके थे। समर्थक तस्वीर महल पर खड़े थे। इस दौरान कांग्रेस के प्रत्याशी चौ. बिजेंद्र सिंह भी नामांकन करने आ गए। कांग्रेस का जुलूस सामने देखकर भाजपा समर्थक मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। इस पर प्रतिक्रिया स्वरूप कांग्रेस समर्थक भी चौकीदार चोर है, के नारे लगाने लगे। मामला बढ़ा तो दोनों पक्षों में खींचतान होने लगी। देखते ही देखते लात घूंसे चलने लगे। करीब ढाई तीन मिनट तक चले इस घटनाक्रम में कई लोगों के कपड़े भी फट गए। यह देखकर बैरीकेटिंग पर मौजूद पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद जब तक एक पक्ष के समर्थक वहां से हट नहीं गए तब तक पुलिस फोर्स की एक टुकड़ी मौके पर मौजूद रही।
सतीश गौतम का पर्चा भरवाने आए भाजपाई पुलिस से भिड़े
भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम के साथ पर्चा भरवाने आए भाजपाइयों की तस्वीर महल चौराहा पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। भाजपाई सतीश गौतम के साथ नामांकन स्थल तक जाने की जिद करने लगे। रोकने पर उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ बदतमीजी कर दी। इसके साथ ही बैरीकेटिंग हटाने की कोशिश के दौरान सीओ खैर पंकज श्रीवास्तव सहित सासनी गेट और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर के साथ धक्का-मुक्की कर दी। हालांकि पुलिस ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। लगभग आधे घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। बाद में हारकर भाजपाई शांत होकर सतीश गौतम के पर्चा दाखिल कर लौटने तक तस्वीर महल के पास लगी बैरीकेटिंग के पास ही खड़े रहे। इस दौरान भाजपाइयों ने नारेबाजी भी कर दी। मगर, पुलिस ने उन्हें शांत कराने के अलावा कोई सख्ती नहीं दिखाई।
असलहा लेकर नामांकन स्थल तक पहुंचा एक भाजपा नेता
आचार संहिता और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर एक भाजपा नेता नामांकन स्थल तक कमर पर पिस्टल लगाकर पहुंच गया। कुछ लोगों ने कुर्ते के अंदर लगे असलहा को देख भाजपा नेता के खिलाफ सुगबुगाहट की। हालांकि किसी ने इस बात की शिकायत सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस से नहीं की और न ही भाजपा नेता सुरक्षा कर्मियों की निगाह पर चढ़ा। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता होटल कारोबारी है।