नौरंगाबाद नौदेवी मंदिर में पूजन करते श्रद्धालु।
- फोटो : samvad
चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप चंद्रघंटा का पूजन किया गया। दोपहर तक मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को देवी प्रतिमाओं का भव्य शृंगार किया गया, जिनके दर्शन के लिए रात तक भक्त उमड़ते रहे।
भक्तों ने मिष्ठान, फल और नारियल आदि वस्तुएं मां को अर्पित कर मां की आरती की। नौ देवी मंदिर, एडीए कॉलोनी स्थित माता मंदिर, प्रतिभा कॉलोनी स्थित मां कामाख्या मंदिर समेत सहित विभिन्न प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और आरती का मधुर संगीत गूंजता रहा। नौ देवी मंदिर में विशेष रूप से भीड़ उमड़ी। यहां मां चंद्रघंटा की विशेष सजावट की गई थी और सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में दर्शन के लिए खड़े रहे।
मंदिरों के बाहर बैठे लोगों को दिया दान
नौ देवी मंदिर व अन्य मंदिरों के बाहर बैठे लोगों को भक्तों ने दिल खोलकर दान दिया। मिठाई व फल समेत दान में रुपये भी दिए। कुछ श्रद्धालुओं ने छोटी-छोटी बालिकाओं को नए कपड़े भी उपहार में दिए।