लॉकडाउन के दौरान मैरिस रोड पर फ्लैग मार्च करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : CITY OFFICE
लॉकडाउन 3.0 आज से लागू होने जा रहा है। इसे लेकर जिले की नियमावली में कुछ बदलाव हुए हैं। मगर, रेड जोन में शामिल शहरी क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं है, सिर्फ छूट का समय बढ़ाया गया है। इसके चलते तय किया गया है कि शहरी क्षेत्र में लागू जोन सिस्टम व ऑड-ईवन सिस्टम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यह निर्देश एसएसपी मुनिराज जी ने देर रात क्षेत्राधिकारियों व पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की बैठक में दिए।
एसएसपी ने बताया कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अब चुनौती और ज्यादा बढ़ गई है। शहर में छूट का समय बढ़ गया है और देहात में बाजार पूरी तरह खुलना तय किया गया है। ऐसे में पुलिस के ऊपर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने व लॉकडाउन का पालन कराने की चुनौती बढ़ गई है। इसलिए हमें और ज्यादा सख्ती करनी होगी। उन्होंने कहा कि छूट के बाद बाजारों में दुकानें न खुलने पाएं, छूट के दौरान कहीं भी भीड़ न लगने पाए। इन बातों को ध्यान में रखकर पुलिस को काम करना है। बाकी व्यवस्था ज्यों की त्यों प्रभावी रहेगी। इस मौके पर एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी क्राइम, एसपी यातायात के अलावा सभी सीओ मौजूद रहे।
लॉक डाउन का पालन कराने को सड़कों पर उतरी पुलिस
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए किए गए लॉक डाउन को प्रभावी बनाने के लिए रविवार को भी जनपद के चार सर्किलों की पुलिस सड़कों पर उतरी। सीओ प्रथम विशाल पांडेय ने सर्कि ल के तीनों थाना क्षेत्रों में पुलिस के साथ मार्च किया। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने अपने सर्किल क्षेत्र में, सीओ तृतीय अनिल समानिया ने क्वार्सी थाना क्षेत्र के साथ ही सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मार्च निकाला। सीओ अतरौली प्रशांत सिंह ने अपने सर्किल के समस्त थाना प्रभारियों और सीओ बरला कर्मवीर सिंह ने अपने सर्किल के सभी थानों के प्रभारियों के साथ फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वह घरों के भीतर ही रहें। बेवजह घूमने वाले पुलिस की कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। वाहन चलाने के दौरान ऑर्ड-ईवन व्यवस्था का पालन करें।