मोहनलाल गौतम महिला हॉस्पीटल में निरीक्षण करती सरिता भदौरिया।
- फोटो : CITY OFFICE
उत्तर प्रदेश विधानमंडल की महिला एवं बाल विकास से संबंधित संयुक्त समिति ने मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय, मलखान सिंह जिला चिकित्सालय, महिला कारागार सहित कई स्थानों पर महिला एवं बच्चों से संबंधित सुविधाओं का जायजा लिया। महिला अस्पताल में सरकारी योजनाओं से संबंधित फाइलें न मिलने व रखरखाव ठीक नहीं होने पर सभापति ने नाराजगी जताई। समिति के जाने के बाद महिला चिकित्सालय की सीएमएस रो पड़ीं।
महिला एवं बाल विकास से संबंधित संयुक्त समिति की सभापति सरिता भदौरिया एवं सदस्य डॉ मंजू सिवाच ने महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं एवं प्रसव के बाद भर्ती महिलाओं से बातचीत कर चिकित्सालय में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। समिति ने जननी सुरक्षा योजना एवं गर्भवती महिलाओं से संबंधित अन्य योजनाओं की भी जानकारी ली। फाइलें नहीं मिलने और फाइलों का रखरखाव ठीक से नहीं होने पर सभापति ने नाराजगी जताई। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप फाइलों को रखने का निर्देश दिया।
समिति के जाने के बाद सीएमएस डॉक्टर रेनू शर्मा रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि मेहनत के बाद भी रिटेन वर्क में पीछे रह जाते हैं। बाबू सुरजीत का स्थानांतरण हो गया है। डाटा ऑपरेटर से काम चलाया जा रहा है। बीमार होने की वजह से आज वह नहीं आया। कौन सी फाइल कहां है, यह बाबू को ही पता होता है। बाद में बीमार डाटा ऑपरेटर को बुलाकर जननी सुरक्षा योजना एवं डाइट से संबंधित फाइल निकाला गया और समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
महिला कारागार का निरीक्षण
समिति द्वारा महिला कारागार में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। जेल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर जेल प्रशासन को सुधार का सुझाव दिया गया। जवां के सिया खास गांव में गोद भराई कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी सस्ते गले की दुकान का निरीक्षण किया गया।