अलीगढ़-गाजियाबाद नेशनल हाईवे (एनएच-34) पर गलत दिशा व बेतरतीब खड़े होने वाले ट्रकों से होने वाले हादसों को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार को थाना पुलिस ने सीमेंट फैक्टरी के यूनिट हेड आशीष चंद्रावत व एनएचएआई की रूट पेट्रोलिंग टीम द्वारा लापरवाही करने पर टोल मैनेजर सुमित कुमार को शांतिभंग में पाबंद किया है।
एसडीएम विनीत कुमार मिश्रा ने बताया कि फैक्टरी के यूनिट हेड व टोल मैनेजर को पांच-पांच लाख रुपये के मुचलके पर पाबंद किया गया है। 17 मई को दोनों को न्यायालय में तलब किया गया है।
गौर हो कि बीते दिनों हाईवे पर लोधा क्षेत्र के चिकावटी मोड़ के पास हुई सड़क दुर्घटना में चार पुलिसकर्मी सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एडीएम सिटी अमित भट्ट, एआरटीओ प्रशासन प्रवेश कुमार व एसडीएम गभाना विनीत कुमार मिश्रा ने हाईवे सोमना मोड़ पर अभियान चलाते हुए तीन वाहनों को सीज कर 17 के चालान किए थे। इसके बाद भी सीमेंट फैक्टरी से जुड़े ट्रकों का हाईवे पर बेतरतीब तरीके से खड़ा होना बंद न हुआ था। जिसके बाद उक्त कार्रवाई की गई है।