अलीगढ़-पलवल रोड पर कांवड़ लेकर जा रहे करीब दस युवकों ने गैस टैंकर रोककर चालक से मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कस्बा चौकी इंचार्ज अभिषेक कुमार की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आठ अगस्त की सुबह करीब 11 बजे राधिका होटल के सामने अनिल सैनी पुत्र योगेश सैनी निवासी दाऊजी नगर बाजना, थाना नौझील अपने 8-10 साथियों के साथ कांवड़ लेकर जा रहा था। आरोप है कि युवकों ने इंडियन गैस टैंकर को अनावश्यक रूप से रोक लिया और चालक से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद टैंकर के शीशे भी तोड़ दिए गए। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।