कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से किशोरी का अपहरण कर नोएडा ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में रविवार को दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसमें एक आरोपी महिला प्रधान का पति है।
किशोरी के पिता ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 28 अगस्त की रात साढ़े दस बजे करीब उसकी 16 वर्षीय बेटी घर के पास खेत में लघुशंका को गई थी, जहां से वह वापस नहीं लौटी तलाश करने पर भी पता नहीं चला। इसके बाद 29 अगस्त को शाम गांव के एक गाड़ी चालक ने उसकी बेटी को वापस लाकर बताया कि उसे खैर में एक स्कॉर्पियो में देखा तो लड़की ने उसे पहचान कर शोर मचा दिया, इस पर वह लोग भाग गए। बेटी ने बाद में बताया कि हरीश निवासी चामड़ और अशोक उर्फ बुद्धा निवासी जाखुर फुसला कर गाड़ी से अपने साथ नोएडा ले गए, जहां दोनों ने धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रिपोर्ट में कहा गया है इसमें एक आरोपी अशोक उर्फ बुद्धा गांव की प्रधान का पति है, उसने बेटी को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।