थाना क्षेत्र के गांव कंसेरा में नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खैर के गांव अरनी निवासी बनी सिंह पुत्र सुम्मेर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसने अपनी बेटी रेनु (21) की शादी 18 फरवरी 2022 टप्पल थाना क्षेत्र के गांव कंसेरा निवासी आशीष पुत्र जहान के साथ की थी। शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर पति आशीष, सास गुड्डी व ससुर जहान ने उसकी हत्या कर दी। मृतका के चाचा हरिकिशन ने बताया कि बुधवार की सुबह उन्हें रेनू के पति आशीष ने सूचना दी कि रेनू को करंट लग गया है। उसकी हालत गंभीर है। बेटी की ससुराल पहुंचे तो देखा, उसका शव आंगन पड़ा था। गले पर निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति व सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम इंस्पेक्टर जगदत्त सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।