नगर निगम टीम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को फिर चलाया गया। तस्वीर महल पर फुटपाथ पर चल रहा धुलाई सेंटर ध्वस्त करने के दौरान हंगामा हो गया। सपा नेता जेसीबी के आगे आ गए और जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल भी बुला लिया गया। बाद में तय हुआ कि मंगलवार को नगर आयुक्त के साथ बैठक कर दोनों पक्षों की वार्ता होगी। उसके बाद तय होगा कि धुलाई सेंटर का शेष हिस्सा गिरेगा या बचेगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह की अगुवाई में सुबह कठपुला से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। इस दौरान दीवानी-कलेक्ट्रेट साइड अतिक्रमण हटाते और लोगों को चेतावनी देते हुए टीम शमशाद मार्केट, फिर जमालपुर पुल तक पहुंची। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान लोगों ने खुद हटा लिए, जबकि टीम ने दुकानों के आगे के टिनशेड आदि हटवा दिए। इसी तरह जमालपुर से वापसी में टीम दोपहर करीब तीन बजे तस्वीर महल के राशिद धुलाई सेंटर पर पहुंची। यह फुटपाथ पर कई दशक से संचालित है। इसे जैसे ही जेसीबी से ध्वस्त करना शुरू किया तो विरोध में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक सहित तमाम नेता आ गए। उस दौरान काफी देर तक बातचीत हुई।
संचालक ने बताया कि नगर निगम से जमीन उसने किराए पर ले रखी है और 2022 तक के लिए आवंटित है। उसके पास हाईकोर्ट का इसे न हटाने का स्थगनादेश भी है, मगर टीम मानने को तैयार न हुई। बाद में तय हुआ कि मंगलवार को नगर आयुक्त से इस विषय पर वार्ता होगी। तब तय होगा। इस पर नेता वहां से चले गए। नेताओं के जाने के कुछ देर बाद फिर नगर निगम की जेसीबी चल पड़ी और धुलाई सेंटर का काफी हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया। इस खबर पर फिर सपा नेता अज्जू के अलावा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, महासचिव मनोज यादव आदि पहुंच गए और जेसीबी के आगे आकर जमीन पर बैठ गए। हालांकि, तब तक काफी हिस्सा गिर चुका था। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
इस खबर पर सीओ तृतीय, एसीएम, पीएसी, क्यूआरटी, सिविल लाइंस पुलिस आदि पहुंच गई। नेताओं ने इसे प्रशासन की वादाखिलाफी करार दिया। इसके बाद घंटों तक समझाने व मनाने का दौर चला, तब जाकर तय हुआ कि जब एक बार वार्ता तय हो गई तो इंतजार क्यों नहीं। इस पर नगर आयुक्त ने फोन पर अज्जू से वार्ता की। तय हुआ कि मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे वार्ता होगी। इसके बाद आगे कार्रवाई तय होगी। तब जाकर दोनों पक्ष वहां से हटे।
अज्जू इशहाक का कहना है कि राशिद के पास सभी दस्तावेज हैं। उन्हें देख लिया जाए, तभी कोई कार्रवाई हो। इस दौरान अधिशासी अभियंता यांत्रिक मनोज कुमार, सहायक अभियंता सिब्ते हैदर, कर अधीक्षक राजेश कुमार, अवर अभियंता योगराज, एसएफआई अनिल आजाद संजय , संपत्ति लिपिक विजय गुप्ता, मीडिया सहायक एहसन रब, राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह आदि थे। नगर निगम प्रवक्ता एहसान रब के अनुसार धुलाई सेंटर अवैध रूप से बना हुआ है। उसका किराया समय भी खत्म हो चुका है। उसे ध्वस्त कर दिया गया। थोड़ा बहुत सामान रह गया है। उसे सुबह वार्ता के बाद हटाया जाएगा।
- नगर निगम का ये स्वच्छता व अतिक्रमण हटाओ अभियान जनहित में है। शहरवासियों को जाम व जलनिकासी से राहत दिलाने के लिए ये कदम उठाया गया है। इस अभियान में नगर निगम को सभी के सहयोग की जरूरत है।
- गौरांग राठी, नगर आयुक्त
धुलाई सेंटर संचालक पर मारपीट का आरोप, दी तहरीर
दोपहर में जब नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाते हुए और चेतावनी देते हुए जा रही थी। तभी धुलाई सेंटर के ठीक सामने पेट्रोल पंप के बराबर वाली मार्केट के एक दुकानदार चंदन सिंह ने टीम के सदस्यों से कहा कि आप लोग अभी हटा रहे हैं। आपके जाते ही पीछे फिर अतिक्रमण हो जाएगा। आरोप है कि टीम के आगे जाते ही धुलाई सेंटर संचालक उसके पास आया और मारपीट कर दी और धमकाया भी। पीड़ित का कहना है कि इस मामले में थाना सिविल लाइंस में तहरीर दे दी है। इधर, पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर जांच व कार्रवाई की बात कह रही है।