दुर्घटना में दो वर्ष के बच्चे राजवीर को खरोंच आई है। उसे उपचार के बाद थाने ले आया गया है। जहां महिला पुलिसकर्मियों को उसे संभालने में लगाया गया है। लेकिन, अंजान चेहरा होने के कारण पुलिसकर्मी उसे संभाल नहीं पा रही हैं।
होली का त्योहार मनाने अपने घर चंदौली जा रहे बाइक सवार परिवार को अलीगढ़-दिल्ली एनएच पर बीधानगर के पास कैंटर ने रौंद दिया। 12 मार्च दोपहर हुई दुर्घटना में पति-पत्नी व बेटी की मौत हो गई, जबकि दो वर्ष का बेटा घायल हुआ है। पुलिस ने परिवार को सूचित कर दिया है। परिवार के आने पर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
विज्ञापन
जनपद चंदौली के थाना चकरघट्टा के गांव जयमोहनी के रोहित (40) पुत्र शिवप्रसाद हरियाणा के सोनीपत में परिवार के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे। वह होली का त्योहार मनाने के लिए बुधवार को अपने गांव बाइक से पत्नी ललिता (32), बेटी उजाला (06) और दो वर्षीय बेटा राजवीर के साथ जा रहे थे। दोपहर करीब पौने तीन बजे हाईवे गभाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के बीधानगर कट के पास विपरीत दिशा में आ रहे कैंटर ने बाइक को रौंद डाला।
विज्ञापन
हादसे में बाइक सवार चारों जमीन पर घिसटकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहगीरों भीड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टोल एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने रोहित, ललिता व बच्ची उजाला को मृत घोषित कर दिया। मृतक रोहित के पास से मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी। इस सूचना पर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। वे चंदौली से अलीगढ़ के लिए निकल गए। सीओ संजीव तोमर ने बताया कि दुर्घटना के बाद कैंटर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। चालक भी हिरासत में है। शवों को पोस्टमार्टम केंद्र में रखवा दिया गया है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जाएगी।
पुलिस नहीं संभाल पा रही बच्चे को
इस दुर्घटना में दो वर्ष के बच्चे राजवीर को खरोंच आई है। उसे उपचार के बाद थाने ले आया गया है। जहां महिला पुलिसकर्मियों को उसे संभालने में लगाया गया है। लेकिन, अंजान चेहरा होने के कारण पुलिसकर्मी उसे संभाल नहीं पा रही हैं।