इन दिनों राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) के स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षा चल रही हैं। अब 10 डिग्री कॉलेजों में कैमरे और माइक बंद मिले। इस पर यूनिवर्सिटी ने इन कॉलेजों को नोटिस थमा दिया है।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) के स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षा के छठवें दिन 10 महाविद्यालयों में कैमरे की गुणवत्ता में खराबी मिली। कई परीक्षा केंद्रों पर कैमरे और माइक बंद मिले। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन महाविद्यालयों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
विज्ञापन
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एआरएल महाविद्यालय मालव खुर्द अलीगढ़ और खैर कन्या महाविद्यालय खैर अलीगढ़ में कैमरे की गुणवत्ता खराब थी। इनके वीडियो फुटेज ब्लर आ रहे थे। माइक भी बंद थे। इसी तरह बीडीएचएस महाविद्यालय मऊपुर बहादुरपुर अलीगढ़, वीरखंड महाविद्यालय नगला झंडा अलीगढ़, डॉ. आरकेएस शिक्षण संस्थान खैरिया ढुमरी एटा, डॉ. जाकिर हुसैन पीजी कॉलेज एटा, राम प्रकाश सिंह बालिका कॉलेज ढुमरी एटा, श्री एसएस मेमोरियल डिग्री कॉलेज मानिकपुर हाथरस में कैमरे बंद थे, जबकि सेंट जोसेफ महाविद्यालय मुजफ्फरा अलीगढ़ में माइक बंद था। उन्होंने कहा कि जिन महाविद्यालयों में कैमरे और माइक बंद मिले, उन्हें नोटिस दिए जाएंगे।
विवि परिसर में 1747 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
आरएमपीयू परिसर में स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षा में 1747 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। तीनों पालियों में 25595 में से 23848 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1747 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।