सेना की कैंटीन के लिए केमिकल खरीदने का झांसा देकर साइबर ठग ने एक कारोबारी से 11.42 लाख रुपये की ठगी कर ली। खुद को सैन्य अफसर बताने वाले जालसाज ने वेरिफिकेशन और भुगतान के नाम पर लिंक भेजकर वारदात को अंजाम दिया।
सासनी गेट थाना क्षेत्र के पला रोड निवासी केमिकल का कारोबार संचालित करते हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मिलिट्री बेस का सैन्य अफसर बताते हुए सेना की कैंटीन के लिए बड़ी मात्रा में केमिकल खरीदने की बात कही।
बड़े ऑर्डर का भरोसा दिलाकर ठग ने कारोबारी को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने मिलिट्री वेरिफिकेशन और एडवांस भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर व्हाट्सएप के जरिये कुछ लिंक और विभिन्न बैंक खातों की जानकारी भेजी।
पीड़ित ने बताए गए निर्देशों का पालन किया तो उनके खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 11.42 लाख रुपये निकल गए। रकम कटने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीओ प्रथम नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित बैंक खातों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। ब्यूरो