बकरीद की नमाज के बाद शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में बाजारों की रौनक बढ़ गई। कचौड़ी, खस्ते और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। सुबह से दोपहर तक चले कारोबार में नाश्ते और मिठाई की दुकानों पर करीब 30 लाख रुपये की बिक्री हुई।
जयगंज, देहलीगेट, सराय मियां, सराय हकीम, ऊपरकोट, रेलवे रोड, सासनीगेट चौराहा और भुजपुरा इलाके में सबसे ज्यादा चहल-पहल रही। देसी घी और रिफाइंड ऑयल में बनी कचौड़ियों की मांग अधिक रही। देसी घी की दो कचौड़ियां करीब 90 रुपये में बिकीं, जबकि रिफाइंड ऑयल में बनी दो कचौड़ियों की कीमत 35 से 40 रुपये रही।
खस्ते, चाय, ब्रेड पकौड़ा, बन-मक्खन और पकौड़ी की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लगी रही। मिठाई, फल और ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री भी खूब हुई। गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी की बोतलें, नारियल पानी, गन्ने का रस, जूस और शीतल पेय हाथों-हाथ बिक गए। दुकानदारों ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक लगातार ग्राहकों की भीड़ बनी रही। इसके लिए रात से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी।
नाश्ते और मिठाई की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़
बकरीद पर सुबह के समय नाश्ते की दुकानों पर विशेष उत्साह दिखाई दिया। कचौड़ी, खस्ते और पकौड़ी लोगों की पहली पसंद रहे। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। कारोबारियों के मुताबिक त्योहार के चलते सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक बिक्री हुई।
बच्चों के लिए गुब्बारों का आकर्षण
शाहजमाल ईदगाह, जमालपुर ईदगाह और एएमयू सर्किल के आसपास बच्चों के लिए गुब्बारों की दुकानें भी सजी रहीं। रंग-बिरंगे गुब्बारों ने बच्चों को खूब आकर्षित किया। कार्टून किरदारों और पशु-पक्षियों की आकृति वाले गुब्बारों की मांग सबसे अधिक रही। साधारण गुब्बारे 10 रुपये और बड़े गुब्बारे 50 रुपये तक में बिके। नमाज के बाद परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों ने गुब्बारों और खिलौनों की खरीदारी का आनंद लिया।