गांव बरौठा नहर में बृहस्पतिवार की शाम को गणपति प्रतिमा को विसर्जित करते समय नहर में डूबे युवक का शव शुक्रवार की सुबह गांव माछुआ के पास उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को नहर से निकलवाया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर परिजनों ने हंगामा किया। पोस्टमार्टम कराए बिना ही परिजन शव को ले गए। सीओ अनिवेश कुमार ने बताया कि थाना देहलीगेट क्षेत्र के घुड़ियाबाग के कुछ लोग बृहस्पतिवार की शाम को गणपति की मूर्ति को विसर्जित करने के लिए बरौठा स्थित नहर पर पहुंचे थे। मूर्ति को पानी में घुसकर विसर्जित किया जा रहा था तभी युवक विनय कुमार का पैर फिसल गया और गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों से युवक की तलाश कराई, लेकिन कहीं नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह शव पानी में उतराता हुआ मिला। सीओ ने बताया कि परिजन किसी प्रकार की कार्रवाई करने से इन्कार करते हुए पोस्टमार्टम कराए बिना शव को घर ले गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।