ब्लॉक प्रमुख के चुनाव का कार्यक्रम जारी होने के बाद मंगलवार से नामांकन पत्रों की बिक्री जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से शुरू करा दी गई। सभी ब्लाक मुख्यालयों को नामांकन पत्र भेज दिए गए हैं। नामांकन पत्र भरकर आठ जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जमा किए जा सकते हैं। इसके बाद उसी दिन इनकी जांच होगी।
नौ जुलाई को नाम वापसी का समय रहेगा। 10 जुलाई को ब्लाक मुख्यालयों पर ही सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी। नामांकन से लेकर नाम वापसी और मतदान सहित मतगणना की प्रक्रिया संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर होनी है। परिणाम की घोषणा जिला मुख्यालय पर होने के बाद यहीं से प्रमाण पत्र जारी होगा। जिले के 1156 क्षेत्र पंचायत सदस्य 12 ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव करेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव का शेड्यूल जारी होने के बाद ही नामांकन पत्रों की बिक्त्रस्ी शुरू कर दी गई है। आठ को नामांकन के बाद नौ को नाम वापसी और 10 जुलाई को चुनाव होगा। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
800 रुपये का नामांकन पत्र सामान्य वर्ग के लिए है।
400 रुपये का नामांकन पत्र महिला, ओबीसी, एससी-एसटी के लिए है।
5000 रुपये जमानत राशि सामान्य वर्ग के लिए।
2500 रुपये जमानत राशि महिला, ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के लिए।