गांव विशनपुर में शनिवार दोपहर को एक सरकारी हैंडपंप (नल) को ठीक करते वक्त हाईटेंशन लाइन के करंट से भाकियू (टिकैत) नेता के पौत्र की मौत हो गई। दो अन्य लोग झुलस गए। अंतिम संस्कार में संगठन के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल हुए।
कुछ युवक गांव में लगे सरकारी नल की मरम्मत कर रहे थे। नल को ठीक करने के लिए जैसे ही लोहे का पाइप बाहर निकाला गया तो वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छुल गया। पाइप के छूते ही तेज धमाका हुआ और पाइप पकड़कर खड़े तीनों युवक करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। इस हादसे में भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा का पौत्र कृष्ण कटारा (24) पुत्र संजय शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया है कि उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी। उसपपर सात माह का बेटा है। युवक गांव में खेत करता था। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में झुलसे अन्य दो युवकों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कोतवाल नरेंद्र यादव ने बताया है कि घटना की कोई सूचना नहीं है।