गोंडा जिले की इगलास विधानसभा सीट के भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी और थानाध्यक्ष गोंडा के बीच बुधवार दोपहर थाना परिसर में मारपीट हो गई। कुछ ही देर में यह खबर जिले भर में फैल गई। आनन-फानन सत्ताधारी सांसद-विधायक और अधिकारियों का अमला यहां पहुंच गया। बाद में सांसद सतीश कुमार गौतम व कई विधायक अलीगढ़ आ गए। यहां जिलाधिकारी आवास पर इन नेताओं ने विरोध जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। देर रात मुख्यमंत्री कार्यालय से एएसपी देहात अतुल शर्मा को जिले से हटाने व एसओ अनुज सैनी को निलंबित करने का फरमान आ गया। साथ ही पूरे मामले में आईजी से आख्या तलब की गई है।
गोंडा क्षेत्र के विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता पर पिछले दिनों हुए हमले की घटना में पुलिस द्वारा क्रास एफआईआर लिखे जाने को लेकर विधायक राजकुमार थाने पहुंचे थे। उक्त कार्यकर्ता इन दिनों जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
विधायक सहयोगी का कहना है कि वह क्रास मुकदमा लिखे जाने पर ऐतराज जताते हुए बात कर रहे थे। इसी पर थानाध्यक्ष अनुज कुमार सैनी भड़क गए और उनके साथ मारपीट की। उनके साथी दो दरोगाओं ने भी मिलकर मारपीट की। यह देख उनके साथ आए लोगों ने आवाज लगाकर अपने समर्थकों को बुलाया। तब जाकर उनको पुलिस के चंगुल से छुड़ाया जा सका। दूसरी ओर पुलिस का आरोप है कि विधायक राजकुमार सहयोगी दो गाड़ियों के साथ थाने में आए।आते ही उन्होंने वहां झाड़ू लगा रहे चौकीदार को गाली दी। जब थानाध्यक्ष अनुज कुमार सैनी ने ऐतराज जताया तो उनके साथ मारपीट कर दी, जिसमें थानाध्यक्ष की नेमप्लेट टूट गई। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों के बीचबचाव के दौरान विधायक का कुर्ता आदि फट गया।
कुछ ही देर में यह खबर जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। विधायक समर्थकों का हुजूम भी थाने के बाहर जमा हो गया और प्रदर्शन करने लगा। थाने में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। सांसद सतीश गौतम, विधायक ठा. दलवीर सिंह, विधायक अनूप प्रधान सहित तमाम भाजपाई थाने पहुंच गए। साथ में एसपी देहात अतुल शर्मा, एसओ क्राइम डॉ. अरविंद भी आ गए। अधिकारियों के सामने भाजपा नेताओं ने पुलिस कार्य व्यवहार, एसओ की कार्यशैली आदि को लेकर तीखी नाराजगी जताई। विधायक के समर्थन में लोगों ने कस्बे का बाजार भी बंद कर दिया। हालांकि सांसद सतीश गौतम के आश्वासन पर आधा घंटे बाद बाजार खोल दिया गया। इधर, एहतियातन कई थानों का फोर्स भी कस्बे में आ गया था।
इसके बाद सभी नेतागण वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता करने के लिए क्वार्सी स्थित सर्किट हाउस पहुंचे। बाद में वहां से सभी एकत्रित होकर डीएम आवास गए। जहां देर शाम तक डीएम-एसएसपी की मौजूदगी में वार्ता बैठक चली। इसी बीच शासन के अधिकारियों से वार्ता हुई। देर रात मुख्यमंत्री कार्यालय से एसपी देहात अतुल शर्मा को जिले से हटाने व एसओ अनुज सैनी को निलंबित करने का फरमान आ गया। साथ ही पूरे मामले में आईजी से आख्या तलब की गई है। तब जाकर भाजपाई व अधिकारियों की बैठक खत्म हुई। इस बैठक में सांसद सतीश गौतम के अलावा विधायक दलवीर सिंह, संजीव राजा, अनिल पाराशर, अनूप प्रधान, रविंद्र सिंह, राजकुमार सहयोगी, जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू, भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत आदि मौजूद थे।
-भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी एक कार्यकर्ता के विरुद्ध लिखे गए क्रास मुकदमे बारे में बातचीत करने थाने आए थे। इस दौरान थानाध्यक्ष से बीच कुछ विवाद हुआ। इसके बाद विधायक व थाना प्रभारी ने एक दूसरे पर मारपीट, अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इसकी जांच कीजा रही है। जांच के बाद जो मिलेगा, वह सार्वजनिक किया जाएगा।
-दीपक रतन आईजी रेंज अलीगढ़