अलीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने 30 जुलाई को धनीपुर ब्लॉक में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने लाखों रुपये की लागत से बने स्टेडियमों को शुरू न करने और टेंडर प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भाजपाइयों ने कहा कि धनीपुर में बने अलहदादपुर और गजनीपुर स्टेडियम को अभी तक शुरू नहीं किया है, जबकि ये स्टेडियम भारत सरकार की ओर से बनकर तैयार हो चुके हैं। उनका आरोप है कि जिला युवा कल्याण विभाग के पास बजट न होने का हवाला देकर स्टेडियमों को शुरू नहीं किया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश शासन ने स्थानीय फंडों से इन स्टेडियमों को शुरू कर संचालन करने का शासनादेश जारी किया है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र पंचायत धनीपुर ने एक करोड़ 10 लाख रुपये के 12 टेंडर निकाले, जिनमें से अकेले एक गांव के हैं, उनको 53.26 लाख रुपये के छह टेंडर दिए गए हैं। यह तब है जब धनीपुर ब्लॉक में कुल 71 पंचायतें हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से धनीपुर ब्लॉक के युवा लगातार स्टेडियम शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन ब्लॉक प्रमुख द्वारा धन आवंटित नहीं किया जा रहा है।
ज्ञापन देने वालों में रवि सूर्यवंशी (जिला पंचायत सदस्य, धनीपुर), कल्पना सिंह (ग्राम प्रधान, सिकंदरपुर), सुनील शर्मा (अध्यक्ष, प्रधान संगठन, धनीपुर) और अर्जुन सिंह भोलू (छात्र नेता और जिला उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा) सहित कई कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर इन टेंडरों को निरस्त कर अलहदादपुर और गजनीपुर स्टेडियम के लिए क्षेत्र पंचायत निधि धनीपुर द्वारा टेंडर जारी नहीं किए गए, तो 11 अगस्त से कलेक्ट्रेट परिसर पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। जारी हुए टेंडरों को निरस्त करने और भविष्य में होने वाले टेंडरों के लिए एक कमेटी गठित करने की मांग की है।