थाना क्षेत्र के खेरेश्वर राजमार्ग स्थित गांव ताजपुर रसूलपुर के पास रविवार रात करीब आठ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हाथरस निवासी देवर की मौके पर ही मौत हो गई और भाभी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई।
हाथरस के सादाबाद के थाना सहपऊ के गांव बुढ़ाइच निवासी मृतक सुमनपाल (21) पुत्र कुंवरपाल के परिजनों ने बताया कि वह अपने घर से भाभी सरिता देवी व भतीजा अभि पुत्र राजकुमार को लेकर बाइक से नोएडा जा रहे थे। वह नोएडा की निजी कंपनी में नौकरी करते थे। जैसे ही बाइक लोधा के खेरेश्वर राजमार्ग स्थित गांव ताजपुर रसूलपुर के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे में बाइक चला रहे सुमनपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी भाभी सरिता देवी व भतीजा अभि गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की खबर पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल भाभी और भतीजे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर परिजनों को दी दी गई। खबर सुनकर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद सुमनपाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक ने अपने पीछे भाई-बहन, पिता, मां व परिवार के अन्य लोगों को रोते बिलखते छोड़ा है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।