नोएडा यातायात पुलिस ने अलीगढ़ में खड़ी एक एएमयू सुरक्षा कर्मी की बाइक का छह माह पहले फोटो चालान कर दिया। चालान में चालक को बिना सीट बेल्ट पहनेे बाइक चलाते दर्शाते हुए जुर्माना लगाया गया है।
तीन दिन पहले बाइक स्वामी को जब डाक के माध्यम से चालान प्राप्त हुआ तो उसके होश उड़ गए। शनिवार को वह चालान भरने के लिए ट्रैफिक पुलिस के कार्यालय पहुंचा। वहां, उसका चालान छह माह पुराना होने के चलते नहीं भरा गया। अब वह चालान को लेकर अधिकारियों सहित कचहरी के चक्कर काट रहा है।
सिविल लाइंस इलाके की लोको कालोनी में रहने वाले मो. सलमान ने बताया कि वह एएमयू में सुरक्षा कर्मी हैं। उसके पास यूपी 81 एवी 7518 नंबर की बाइक है। तीन दिन पहले एक डाकिया घर आया और बाइक का चालान थमा दिया।
चालान खोलकर देखा तो वह नोएडा पुलिस की ओर से 25 मार्च 2019 को काटा गया था, जिस पर बाइक बिना सीट बेल्ट पहनकर चलाने पर जुर्माना दर्शाया गया है। चालान को लेकर वह ट्रैफिक पुलिस के कार्यालय पहुंचा तो पुलिस ने चालान छह माह पुराना होने के चलते जुर्माना राशि भरने से इंकार कर दिया।
इसके बाद कचहरी जाकर सपा छात्र सभा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मुंतजिम किदवई से मामले में परामर्श लिया गया। मुंतजिम किदवई के मुताबिक नोएडा पुलिस की यह भारी लापरवाही का नमूना है। इस मामले में अगर पीड़ित चाहेगा तो वह पुलिस को कटघरे में खड़ा कर जवाब तलब करेंगे।