उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना अकराबाद इलाके में 28 फरवरी को हुए दुष्कर्म की कोशिश के दौरान किशोरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पड़ोसी गांव के एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आईजी पीयूष मोरडिया और एसएसपी मुनिराज ने बताया कि पड़ोस के खेत में सिंचाई कर रहे पड़ोसी गांव के 17 वर्षीय किशोर ने दुष्कर्म के प्रयास में असफल होने पर किशोरी की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार, जब किशोरी के खेत पर चारा लेने पहुंची तो इस दौरान आरोपी मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो रहा था। अश्लील वीडियो से आवेशित होकर किशोर ने घटना को अंजाम दिया था।
आरोपी किशोर ने मृतका की चप्पल बरामद करा दी हैं। जबकि दुपट्टे को रजवाहे में बहा दिया है। पुलिस को घटना स्थल आरोपी किशोर के खिलाफ मिले पूर्ण फॉरेंसिक सबूत के आधार पर कार्रवाई की है। आईजी पीयूष मोर्डिया ने हत्याकांड के खुलासे पर जिला पुलिस की तारीफ की है और टीम को अपने व एडीजी स्तर से 25 हजार रुपये के ईनाम देने की घोषणा की।
ये हुआ घटनास्थल पर मंगलवार को दिन भर
मंगलवार सुबह दस बजे एसएसपी मुनिराज जी मौके पर पहुंच गए और जांच में शामिल पांचों टीमें भी वहां मौजूद थीं। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल को केंद्र मानकर उसके 500 मीटर रेडियस में खेत का एक-एक चप्पा छान मारा और वहां साक्ष्यों पर काम किया।