विष्णु व उसका भाई गुलशन पुत्रगण दिलीपचंद निवासी अलीपुर, मडराक
- फोटो : अमर उजाला
मडराक के गांव अलीपुर में बुधवार को छेड़छाड़ विवाद में दो पक्षों मारपीट-फायरिंग मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की पहले कोरोना जांच होगी। इसके बाद ही जेल में दाखिल किए जाएंगे। यह आदेश पुलिस द्वारा आरोपियों को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के दौरान अदालत ने दिए हैं।
इस आदेश के चलते जेल प्रशासन ने दोनों को जेल में लेने से इंकार कर दिया। बाद में उन्हें दीनदयाल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनकी जांच की ओपचारिताएँ शुरू कर दी गई हैं।
गांव अलीपुर में दो दिन पहले हुई घटना में पुलिस ने दो आरोपी सगे भाई 18 वर्षीय विष्णु, 24 वर्षीय गुलशन पुत्रगण दिलीप को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। दोनों को शाम को रिमांड के लिए जेएम प्रथम के न्यायालय में पेश किया गया।
जहां से उनको न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेजने का रिमांड बनाते हुए उस पर जेल दाखिल करने से पहले एहतियातन कोरोना की जांच कराने का आदेश कर दिया। हालांकि सिपाही दोनों को जेल ले गए, जहां जेल अधिकारियों ने कोर्ट का आदेश देखा तो उन्हें लेने से इंकार कर दिया।
इस पर सिपाही परेशान होकर उन्हें लेकर बाहर आये और अधिकारियों को बताया। इंस्पेक्टर मडराक सुरेश चंद के अनुसार दोनों को दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी एहतियातन जांच शुरू कर दी गईं हैं।
चूंकि परिणाम 24 से 36 घण्टे में आएगा। इसलिए तब तक वहीं प्राइवेट वार्ड में वहीं भर्ती रहेंगे। हालांकि उनको प्रारंभिक जांच में कोई परेशानी सामने नहीं आई है।