अलीगढ़ जिले के जट्टारी कस्बे के जूता कारोबारी को टप्पल-हामिदपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने गोली मार दी। गंभीर घायल अवस्था में उनको जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि प्रशांत गर्ग पुत्र राजेश गर्ग उर्फ पन्नी निवासी मोहल्ला बनियापाड़ा कस्बा जट्टारी उसरह रोड पर जूते की दुकान करते हैं। बृहस्पतिवार को वह अपनी दुकान से गाड़ी से जूता खरीदने के लिए जेवर (गौतमबुद्धनगर) गए थे। लौटते समय रात करीब सवा सात बजे टप्पल-हामिदपुर मार्ग स्थित पवन होटल के बराबर दो बाइक सवार युवकों ने प्रशांत की गाड़ी को रुकने का इशारा दिया।
दोनों बाइक सवारों में से एक ने हेलमेट पहन रखा था और दूसरे युवक ने अंगोछा बांध रखा था। बाइक सवार इन युवकों द्वारा इशारा करने पर प्रशांत ने गाड़ी रोक दी। प्रशांत गर्ग गाड़ी रोककर शीशा खोलकर गाड़ी को देखने लगा। इतने में ही दोनों बाइक सवार युवकों ने प्रशांत पर गोली चला दी और गोली प्रशांत के हाथ में लगी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए।
आस-पड़ोस के लोगों ने प्रशांत को जेवर (गौतमबुद्धनगर) स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। टप्पल थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि गोली हाथ में लगी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।