थाना सासनी क्षेत्र के मोहल्ला सराय पठान में बुधवार को रुपए के लेनदेन को लेकर आरोपी पक्ष में घर में घुसकर फायरिंग और मारपीट कर डाली। आरोपी पक्ष की ओर से तमंचा लहराते हुए फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हवाई फायरिंग के बाद इलाके में दहशत हो गई। स्थानीय लोग थाने पर भी पहुंच गए। थाने पर भाजपा नेता भी पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
मोहल्ला सराय पठान के रहने वाले प्रदीप माहौर के भाई ने एक युवक से 8 हजार रुपये 6 महीने पहले उधार लिए थे। पुलिस के मुताबिक रुपए देने वाले अपने पैसों के लिए तकादा कर रहे थे। इसी क्रम में वह बुधवार को प्रदीप माहौल के घर पहुंच गए और दिए गए पैसे वापस देने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी पक्ष भड़क गया। मामला तूल पकड़ने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे और उन्होंने झगड़ा कर रहे युवक को पकड़ लिया। इस पर झगड़ा कर रहे युवक ने फोन पर अपने साथियों को बुला लिया।
बाद में आए आरोपी पक्ष के लोगों में से एक ने घर में घुसकर तमंचे से हवाई फायरिंग कर डाली। जिससे परिवार सहित आसपास के लोग भी भयभीत हो गए। हमलावर हवा में तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। बाद में पीड़ित परिवार सहित स्थानीय लोग थाने पर पहुंच गए। सूचना पर भारतीय जनता पार्टी के नेता संजू बजाज थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल की मांग की।
थाना सासनी गेट के प्रभारी इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने भरोसा दिलाया के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद ही मामला शांत हो सका । इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि रुपए के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक युवक को हिरासत में लिया गया है । तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है ।