थाना क्वार्सी क्षेत्र के गांव गडराना में मामूली बात पर हमलावरों ने एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही घर में घुसकर फायरिंग कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद युवकों सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्वार्सी के इंस्पेक्टर छोटेलाल ने बताया कि गडराना का रहने वाला शेखर सिंह फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार की रात को उसके घर के बाहर कुछ युवक जोर-जोर से आवाज में बात कर रहे थे। कुछ देर तो शेखर सिंह ने नजरअंदाज किया, लेकिन जब काफी देर तक यही सिलसिला चलता रहा तो वह घर से बाहर निकला और युवकों को टोक दिया। आरोपी इस बात पर भड़क गए और गाली गलौज करने लगे।
देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया। आरोपियों ने शेखर सिंह के साथ मारपीट कर दी। विरोध करने पर घर में घुसकर फायरिंग कर दी। गोली लोहे के दरवाजे में जाकर लगी। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जिसके बाद पुलिस ने कपिल, हिमांशु रावत व दो अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने का प्रयास करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।