अमर उजाला ब्यूरो अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में परास्नातक में सीटें बढ़वाने, कैंटीन खुलवाने और प्राचार्य को हटवाने को लेकर जेडए डेंटल कॉलेज के बीडीएस के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को कुलपति आवास का घेराव किया।
शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बीडीएस के छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर कुलपति आवास के बाहर बैठे रहे। विद्यार्थियों के बाहर बैठे होने की खबर पर प्रॉक्टोरियल की टीम पहुंच गई। टीम ने विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने।
विद्यार्थियों ने तीन सूत्री मांग पत्र भी सौंपा। प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्यों ने कुलसचिव से मुलाकात की। इस संबंध में डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. सैयद अली नवाज जैदी ने कहा कि विद्यार्थियों के मांगों के बारे में कुलसचिव को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि न्यायोचित मांगों पर निर्णय लिया जाएगा।
यूनानी चिकित्सा के विद्यार्थियों का धरना जारी
अलीगढ़। एएमयू के अजमल खां तिब्बिया कॉलेज में परास्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं ने वजीफा भत्ता की मांग को लेकर धरना जारी है। 25 मई को छात्र-छात्राओं ने वजीफा भत्ता दिए जाने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी थी।
धरने पर बैठे 2019 में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा वजीफा भत्ता के तहत दाखिला लिया था। देश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रों को वजीफा भत्ता मिल रहा है, लेकिन तिब्बिया कॉलेज में 72 छात्र-छात्राओं को वजीफा भत्ता नहीं मिल रहा। इंतजामिया ने भत्ते के लिए पासबुक जमा करा ली, लेकिन अभी तक वजीफा भत्ता नहीं आया है। धरने का पूर्व छात्र भी समर्थन दे रहे हैं। छात्रों का दावा है कि मरीजों के इलाज में दुश्वारी हो रही है। कुछ लौट भी रहे हैं। इस संबंध में तिब्बिया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बीडी खान ने कहा कि मरीजों का इलाज हो रहा है। मरीज भी भर्ती हैं। ओपीडी में मरीज देखे जा रहे हैं। ब्यूरो
दो घंटे तक बाधित रही इंटरनेट सेवा
अलीगढ़। एएमयू में दो घंटे तक इंटरनेट सेवा बाधित रही। इससे ईमेल नहीं भेजे जा सके। शाम चार बजे से दोपहर छह बजे तक इंटरनेट बाधित रही।