इंजन फेल हो जाने के कारण हरदुआगंज स्टेशन पर बरेली पैसेंजर ट्रेन को घंटो खड़ा रहना पड़ा।
- फोटो : CITY OFFICE
बरेली से प्रतिदिन अलीगढ़ जंक्शन आने वाली बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर (54352) का सोमवार को हरदुआगंज स्टेशन पर इंजन फेल हो गया। सूचना पर अलीगढ़ जंक्शन से तकनीकी टीम को भेजा गया। मगर, तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी इंजन को सही नहीं किया जा सका। करीब तीन बजे टूंडला से आई एक मालगाड़ी के डीजल इंजन को लगाकर गाड़ी को अलीगढ़ जंक्शन लाया जा सका। इसके कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने हरदुआगंज स्टेशन पर हंगामा काट दिया।
हंगामा होने पर रेलवे के अधिकारी वहां से खिसक लिए। सूचना पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मामला संभाला। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के मुताबिक हरदुआगंज के पास पहुंचते ही इंजन में खराबी आ गई थी। चालक ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। गाड़ी को हरदुआगंज पर रोकने के निर्देश दिए गए। पैसेंजर का इंजन सुबह 11:35 पर फेल हुआ था। जंक्शन से तकनीकी टीम को भेजा गया। मगर, इंजन ठीक न होने पर टूंडला आई एक मालगाड़ी के इंजन को लगाकर 3: 30 बजे करीब गाड़ी को अलीगढ़ जंक्शन पर लाया जा सका।