अलीगढ़ के मंगल बाजार में दो युवकों के साथ मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बेल्टों से युवकों को पीटा था।
अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी पुलिस ने मंगल बाजार नुमाइश मैदान में एक युवक और उसके दोस्त के साथ बेल्टों से मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को बन्ना देवी थाना क्षेत्र से पकड़ा है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित (वादी) बीती 2 जून को अपने एक दोस्त के साथ मंगल बाजार नुमाइश में आया हुआ था। वहां वह अपने किसी परिचित से बातचीत कर रहा था, तभी अचानक आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित पर बेल्टों से हमला कर दिया और मारपीट की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बन्ना देवी में केस दर्ज किया गया था।
थाना बन्ना देवी पुलिस टीम ने घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें बन्ना देवी बरौला चौक के पास रहने वाला आकाश, आईटीआई रोड चूहरपुर का निवासी अंकुर और आशीष शामिल हैं। सीईओ धनंजय कुमार ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।