यदि आप शुक्रवार सांय तक अपना बैंक संबंधी आवश्यक काम नहीं निपटा सके हैं तो आपके लिए बुरी खबर है। अब आपको अपना काम निपटाने के लिए चार दिन इंतजार करना होगा। शनिवार आज द्वितीय शनिवार के चलते बैंकों का अवकाश है। फिर रविवार का अवकाश है। इसके बाद बैंकों के निजीकरण समेत 14 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार और मंगलवार को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल है। यूएफबीयू से जुड़ी बैंक यूनियनों एवं आल इंडिया नेशनलाइज बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन के आह्वान पर 15 व 16 मार्च को होने जा रही इस हड़ताल से जिले में ही करोड़ों का लेनदेन प्रभावित होने के आसार हैं।
फेडरेशन के राज्य समिति सदस्य अतुल सिंह ने बताया कि बजट भाषण में वित्तमंत्री ने दो राष्ट्रीय कृत बैंकों के निजीकरण की घोषणा की है। इसके विरोध में बैंकों में 23 फरवरी से भोजनावकाश में प्रदर्शन चल रहे हैं। 15 व 16 मार्च को बैंकों की देशव्यापी हड़ताल रहेगी। इस दौरान बैंककर्मी धरना प्रदर्शन करेंगे।