गोवर्धन पूजा की देर रात सोमवार को अतिसंवेदनशील बाबरी मंडी-सैयदबाड़ा में हुए सांप्रदायिक बवाल के बाद इलाका पटरी पर लौटने लगा है। मगर तनाव कायम है। वहीं यहां मंगलवार को एक बार फिर पलायन का शोर गूंज उठा। यहां सुबह तीन मकानों-दुकानों के बाहर बिकाऊ हैं के पोस्टर लगा दिए गए, जिनसे तनाव बढ़ गया।
खबर पर तत्काल सीओ प्रथम ने तीनों ठिकानों पर पहुंचकर पोस्टर उतरवा दिए और लोगों को ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी। इलाके में एहतियातन आरएएफ व पीएसी तैनात कर दी गई है। रात की घटना के संबंध में 300-400 लोगों पर दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। वहीं इस घटना के बाद शहर में अफवाहों का बाजार जरूर गरम है। मगर शहर भर में अमन कायम है।
सोमवार रात हुए घटनाक्रम के बाद रात भर पुलिस प्रशासनिक मशीनरी इलाके में जमी रही और आईजी जोन सुजीत पांडेय घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शहर में ही डेरा डाले रहे। रात भर की कवायद, पुलिस बल की तैनाती के बाद माहौल सामान्य हो गया।
सुबह त्योहार पर बजरिया, बाबरी मंडी के बाजार भी खुले। मगर सुबह होते ही यहां तीन माह पूर्व 20 जुलाई को दंपति से छेड़खानी मारपीट के बाद हुए बवाल के बाद निकला पलायन का जिन्न फिर खड़ा हो गया।
लोगों ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए लोगों ने दुकान-घर बिकाऊ हैं के बोर्ड तक टांग दिए। इस खबर पर सीओ प्रथम राजकुमार सिंह ने पोस्टर उतरवा कर लोगों को माहौल न बिगाड़ने की हिदायत दी।
इसके बाद पुलिस की ओर से रात भर चले प्रयास के बाद मंगलवार दोपहर में छेड़खानी के बाद मारपीट में घायल महिला शशी देवी की ओर से पुलिस को तहरीर मिली। इस तहरीर में 20 के करीब नामजद और 300-400 अज्ञात लोगों पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मुकदमे में जिला अस्पताल के वार्ड नंबर दो में भर्ती घायल अमित उर्फ रिंकू की तहरीर को भी शामिल किया गया है।
वहीं दूसरा मुकदमा कोतवाली के एसएसआई ओपी राणा की ओर से दर्ज किया गया है, जिसमें 20 नामजद 300-400 अज्ञात को आरोपी बनाते हुए पुलिस पार्टी पर पथराव फायरिंग का आरोप लगाया गया है। इस मुकदमे में सीओ प्रथम, एसएसआई आदि के पथराव में चोटिल होने का उल्लेख किया गया है।
बाबरी मंडी में रात को हुए बवाल के बाद मंगलवार को पुलिस इलाके में अमन के प्रयास में जुटी थी। तभी घास की मंडी में बाबरी मंडी के युवक पर तमंचा तानकर चेन और नगदी लूट ली गई। मोहल्ले का नितिन उर्फ निक्की दोपहर साढ़े तीन बजे किसी काम से पैदल घास की मंडी होकर निकल रहा था।
आरोप है कि रास्ते में दूसरे समुदाय के आमिर गागा-जुबैर नाम के दो युवकों ने उसे घेर लिया और रात की घटना का उल्लेख करते हुए कनपटी पर तमंचा सटाकर चेन और जेब में रखे 1500 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर गोली मारने की धमकी दी। इस खबर पर भाजपा नेता मानव महाजन, योगेंद्र वाईके, मनोज शर्मा, विनय वार्ष्णेय पीड़ित को लेकर कोतवाली पहुंचे और सीओ प्रथम को आरोपियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी।
सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पीड़ित का डॉक्टरी मुआयना कराया जा रहा है। इस दौरान पुलिस ने आरोपी पक्ष को बुलाया तो वह सपा नेता अब्दुल हमीद घोषी के साथ थाने आया। वहां पीड़ित पक्ष ने इस बात पर तीखा ऐतराज जताया कि जब आरोपी सामने है तो उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा। बाद में सीओ ने ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर लोग शांत हुए।