महानगर के बाबरी मंडी इलाके में नाला सफाई को लेकर हुए जलभराव ने बृहस्पतिवार को लोगों का धैर्य तोड़ दिया। सुबह से इलाके का बाजार बंद रखकर धरने पर बैठे लोगों ने देर शाम इलाके में जाम लगा दिया। जाम की खबर पर पहुंची पुलिस से पहले नोकझोंक तक हुई। बाद में नगर निगम टीम के पहुंचने पर जब उन्हें समझाया गया। तब जाकर जाम खुला। यहां मेयर आैर नगरायुक्त के खिलाफ नारेबाजी हुई।
बिहारी इंटर कॉलेज के पास नाले की सफाई का काम कई दिन से चल रहा है। इसके चलते नाले में पीछे पानी रोका गया है और दो-तीन दिन से बाबरी मंडी इलाके में नाले में उफान के कारण गंदा पानी सड़कों पर भरा हुआ है। दो दिन पहले मामले में मेयर व नगर निगम को अवगत कराया गया था। मगर ध्यान नहीं दिया गया।
अब स्थित ऐसी हो गई कि लोगों का आना-जाना तक मुश्किल हो गया और बृहस्पतिवार सुबह से ही लोगों ने बाजार बंद रखकर वहां धरना शुरू कर दिया। मगर इस धरने के बाद भी वहां देर शाम तक कोई नहीं आया। इस पर गुस्साई पब्लिक ने वहां जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की खबर पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और वहां लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर पब्लिक की एसएसआई कोतवाली से नोकझोंक हो गई।
पुलिस को वापस भेज दिया गया। मगर कुछ दूर खड़ी रहकर पुलिस ने नगर निगम टीम को बुलाया। नगर निगम की टीम ने पहुंचकर समझाया कि नाला सफाई होने तक समस्या रहेगी। इसके बाद समाधान हो जाएगा। तब जाकर बमुश्किल पब्लिक मानी और एक घंटे बाद वहां जाम खुल सका।