अस्पताल में आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और योग के जरिये मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसमें आयुर्वेद, होम्योपैथ और यूनानी चिकित्सकों की तैनाती होगी। अस्पताल में 12 चिकित्सक और लगभग 50 पैरा मेडिकल स्टाफ नियुक्त किए जाएंगे।
अलीगढ़ जिले में छह करोड़ रुपये से 50 बेड के राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण होगा। शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के लिए मथुरा रोड पर सिंघारपुर में भूमि का चयन कर लिया है। आने वाले साल में मरीजों को पंचकर्म विधि से प्राकृतिक उपचार मिल सकेगा।
विज्ञापन
कोरोना काल से लोगों का रुझान आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की ओर बढ़ा है। होम्योपैथिक अस्पताल जिला अस्पताल परिसर में ही स्थित है। आयुर्वेदिक और यूनानी का अस्पताल आगरा रोड पर है। अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में शासन ने 50 बेड का नया आयुर्वेदिक अस्पताल बनाने का फैसला लिया है।
अस्पताल निर्माण के लिए मथुरा रोड सिंघारपुर ग्राम पंचायत में पांच बीघा जमीन भी महकमे को मिल चुकी है। इस अस्पताल में आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और योग के जरिये मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसमें आयुर्वेद, होम्योपैथ और यूनानी चिकित्सकों की तैनाती होगी। अस्पताल में 12 चिकित्सक और लगभग 50 पैरा मेडिकल स्टाफ नियुक्त किए जाएंगे।
आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए सिंघारपुर ग्राम पंचायत में जमीन का चयन कर लिया गया है। 50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल निर्माण पर लगभग छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। - डॉ. नरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी आयुर्वेदिक और यूनानी।