पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया अतीक अहमद के बेटे असद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने से अलीगढ़ में भी अतीक का रिश्तेदार परिवार गमगीन है। हालांकि अंदरखाने की खबर है कि अतीक के आपराधिक चरित्र के चलते इन दोनों परिवारों में लंबे समय से संपर्क और संबंध नहीं हैं। पुलिस भी दोनों के बीच कोई कड़ी नहीं जोड़ पाई। मगर बृहस्पतिवार दोपहर असद की मुठभेड़ में मारे जाने की खबर के बाद परिवार सन्नाटे में देखा गया। पड़ोसियों तक से किसी ने कोई बातचीत नहीं की। बता दें कि राजू पाल हत्याकांड के बाद अतीक के गुर्गों के अतरौली में फरारी काटने की खबर पर पुलिस टीमें यहां तक आई थीं।
अतीक के परिवार में अतीक से बड़ी दो बहनें शाहीन और परवीन हैं। फिर अतीक के बाद एक बहन है सीमा जो अतरौली के सराय वली के रहने वाले जमीरदार, नंबरदार परिवार के फिरोज नवी के लिए ब्याही है। अतरौली के रसूखदार परिवार में ब्याही सीमा व फिरोज लंबे समय से बच्चों को लेकर महानगर के सिविल लाइंस के दोदपुर अहमद नगर में जाकर बस गए। पारिवारिक सूत्रों से मिली खबर और पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार दंपती में कुछ समय बाद ही विवाद हो गया और दोनों अलग अलग रहने लगे। सीमा फ्रेंड्स कालोनी के फ्लैट व फिरोज अहमद नगर वाले मकान में रहते हैं।
पिछले दिनों उमेशपाल हत्याकांड के बाद खुद प्रयागराज पुलिस ने अतीत के सभी रिश्तेदारों और करीबी परिजनों पर जब काम किया तो इस परिवार पर भी काम किया। मगर जांच में उजागर हुआ कि यह परिवार लंबे समय से अतीक के संपर्क में नहीं है। यह भी साफ हुआ कि खुद अतीक की बहन की अपने पति व अपने भाई से लंबे समय से दूरी है। इसके बाद सिर्फ इसलिए इस परिवार पर निगरानी रही कि कहीं कभी कोई फरारी काटने न आ आए। इधर, बृहस्पतिवार दोपहर को अतीक के बेटे असद के झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से परिवार गमगीन है।
अतरौली में भी सभी रिश्तेदारों में इस घटना को लेकर सन्नाटा छाया रहा और मौन रहे। इसी तरह यहां अतीक की बहन अपने फ्लैट में सन्नाटे में रही। पड़ोसियों तक से उसका शाम तक बहुत मिलना जुलना नहीं हुआ। इस विषय में जानकारी करने पर यही पता चला कि दोपहर में असद के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उन पड़ोसियों ने संपर्क का प्रयास किया, जो जानते हैं, मगर गमगीन होने के कारण किसी से कोई चर्चा नहीं हुई।
इसी तरह अहमद नगर में भी लोग शांत ही रहे। किसी ने इस विषय में कोई चर्चा नहीं की। लोग यही बता रहे हैं कि बेशक रिश्ते मधुर नहीं हैं। मगर रिश्तेदारी में युवक की मौत हुई है। इसलिए सभी शांत हैं। बता दें कि राजू पाल हत्याकांड के बाद इस रिश्तेदारी में अतीक के गुर्गों द्वारा फरारी काटने के इनपुट पर यहां पुलिस आई थी।