भारत सहित पूरी दुनिया में कैंसर भयावह रूप लेता जा रहा है। जहां 60 साल पहले कैंसर के मरीजों की संख्या गिनी.चुनी होती थी, वहीं आज यह हृदय रोगों के बाद सबसे तेजी से लोगों को शिकार बनाने वाला रोग बन गया है। भारत में कैंसर के आधे से ज्यादा मामलों में इसकी वजह तंबाकू का सेवन है।
यह जानकारी भक्ति वेदांत कैंसर इंस्टीट्यूट मुंबई के सर्जन और कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि यही वजह है कि देश में ओरल कैंसर से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। तंबाकू और धूम्रपान के सेवन के चलते यह घातक रूप लेता जा रहा है।
ओरल कैंसर पुरुषों को अपना शिकार बना रहा है, वहीं महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर और बच्चेदानी के कैंसर से ग्रस्त हैं। हर साल इसके 8-9 लाख मामले सामने आते हैं। अनुमान है कि इस समय भारत लगभग 25 लाख से ज्यादा कैंसर मरीज हैं।
देश में हर साल कैंसर से चार लाख से ज्यादा मौतें होती हैं। देश में 40 प्रतिशत कैंसर का कारण तंबाकू है, इसलिए तंबाकू जनित कैंसर मनुष्यों में आम है जैसे कि फेफड़ों व मुंह का कैंसर। महिलाओं में गर्भ और स्तन कैंसर साधारण सी बात होती जा रही है।
तंबाकू सेवन, धूम्रपान, शराब और आदतों में बदलाव लाकर इससे बचा जा सकता है। हालांकि कैंसर का समय रहते पता लगाकर इलाज किया जाए, तो इससे मुक्ति पाई जा सकती है। इसलिए लापरवाही बरतने की जगह समय-समय पर कैंसर की जांच कराते रहना चाहिए।
अमर उजाला फाउंडेशन और भक्ति वेदांत कैंसर इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में आज (शुक्त्रस्वार) को एक दिवसीय फ्री कैंसर जांच कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के मशहूर कैंसर विशेषज्ञ और सर्जन डॉ. विष्णु अग्रवाल और उनकी टीम मरीजों की जांच करेगी।
कैंप की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी और यह शाम 4 बजे तक चलेगा। कैंप में हर तरह के कैंसर के संदिग्ध मरीजों की जांच कर परामर्श दिया जाएगा। नियमानुसार मरीजों को नि:शुल्क या रियायती ऑपरेशन के लिए मुंबई बुलाया जाएगा।