मसूदाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर रोडवेज बसों के संचालन पर मनमानी के आरोप सामने आए हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला परिचालक प्रियंका ने आरोप लगाया कि बस को निर्धारित समय से पहले रवाना करने का विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई और डंडे से कमर पर वार कर मारपीट की गई।
उन्होंने स्टैंड पर चालकों से अवैध रूप से रुपये वसूलने का आरोप भी लगाया है। प्रियंका के अनुसा, बस स्टैंड पर बसों को रवाना करने से पहले निर्धारित ठहराव समय दिया जाना चाहिए, लेकिन कई बार बसों को पांच मिनट में ही रवाना कर दिया जाता है।
आरोप है कि बस पर ड्यूटी के दौरान उन्होंने निर्धारित समय शेष होने की बात कहते हुए बस को नियम के अनुसार चलाने को कहा।
इस बात को लेकर विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की गई। महिला परिचालक ने स्टैंड पर सक्रिय कुछ निजी लोगों पर चालकों से 10-10 रुपये लेने का भी आरोप लगाया है। क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। हालांकि अभी तक महिला परिचालक से शिकायत नहीं मिली है, मामले में जांच कराई जाएगी।