गांव सुनाना में तीसरी शादी करने के लिए बरात लेकर पहुंचे दूल्हे को पहली पत्नी ने थाने भिजवा दिया। पुलिस दूल्हे को लेकर थाने चली आई। हंगामे के बाद गण्यमान्य लोग बैठे और आखिरकार समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी दूल्हे को छोड़ दिया और शादी संपन्न हो गई।
विज्ञापन
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार मोहित निवासी रोरा, मलिकपुर थाना अनूपशहर जिला बुलंदशहर थाना क्षेत्र के गांव सुनाना में 8 फरवरी शाम को गांव सुनाना में बरात लेकर पहुंचे। यहां उनकी विजय कुमारी पुत्री राजकुमार के साथ शादी होनी थी। चढ़त के बाद जयमाला की रस्म भी हो गई थी, 9 फरवरी तड़के करीब चार बजे फेरों की तैयारी चल रही थी। इस दौरान सुधा निवासी ऊंटगेर थाना हरदुआगंज वहां पहुंच गई और हंगामा करने लगी। उसका आरोप है कि वर्ष 2019 उसकी शादी मोहित के साथ हो चुकी है। दोनों अलग रह रहे हैं, लेकिन मामला कोर्ट में चल रहा है।
सुधा ने आरोप लगाया कि शिकारपुर क्षेत्र की एक अन्य युवती से भी कोर्ट मैरिज की हुई है, उसे भी घर के बाहर रखा हुआ है। रातभर हंगामा चलता रहा। युवती के भाई और परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सुबह पांच बजे बात नहीं तो पुलिस दूल्हे को लेकर थाने चली आई। थानाध्यक्ष जवां योगेंद्र सिंह ने बताया कि दूल्हे की पहली पत्नी और उसके परिवार ने शिकायत की थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी और दूल्हे को थाने ले आई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, दूल्हे को छोड़ दिया गया है।