गोरखपुर और कानपुर में जम्मू, असम एवं नागालैंड से बने शस्त्र लाइसेंसों में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इन प्रदेशों समेत अन्य प्रदेशों से बने शस्त्र लाइसेंसों की जांच के आदेश जारी किए हैं।
अलीगढ़ के डीएम चंद्रभूषण सिंह ने जिले के सभी 37 हजार शस्त्र लाइसेंस धारकों की जांच के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें गठित कर दी हैं। यह टीमें सभी शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन करेंगी।
इस दौरान विशेष नजर दूसरे प्रदेशों से बने शस्त्र लाइसेंसों पर रहेगी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि फर्जीवाड़े को देखते हुए जिले के सभी शस्त्र लाइसेंसों की जांच के आदेश जारी किए हैं।
दूसरे प्रदेशों से बने शस्त्र लाइसेंसों की जांच उन प्रदेशों के मुख्यालयों से कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर अफसरों को वहां भेजा जाएगा। बताते चलें कि करीब 43 लाख आबादी वाले अलीगढ़ जिले में 37,449 शस्त्र लाइसेंस हैं। इनमें से 15 से 20 फीसदी लाइसेंस दूसरे प्रदेशों से बने हुए हैं।