अलीगढ़ में सीएए के खिलाफ हुआ उपद्रव (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर(एनआरसी) के विरोध में पिछले दिनों हुए उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार को चार उपद्रवियों पर रासुका लगा दिया गया है।
मालूम हो कि बीते 23 फरवरी को ऊपरकोट कोतवाली के बाहर धरना दे रही महिलाओं की भीड़ में शामिल उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर हमला किया गया था। इसके बाद इलाके में जमकर बवाल हुआ था। इस बवाल की आंच बाबरी मंडी तक पहुंची थी और वहां सांप्रदायिक भिड़ंत हुई थी।
इस दौरान एक युवक की हत्या तक कर दी गई थी। इस हत्या के आरोप में भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय जेल में हैं। इसी मुख्य ऊपरकोट बवाल में चार आरोपियों इमरान, अनवार, साबिर उर्फ मिलन और फईमुद्दीन पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस रिपोर्ट पर एसएसपी की संस्तुति के बाद डीएम ने रासुका की कार्रवाई की है। चारों पर जेल में रासुका वारंट तामील कराया गया, जिसके बाद अब फिलहाल किसी की रिहाई संभव नहीं है। हां, एक आरोपी लकी जमानत पाकर रासुका से पहले ही रिहा हो चुका है।