मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि महिलाओं को लंबे समय तक गर्भधारण से बचाव के लिए गर्भनिरोधक साधन जरूरी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी बुधवार को मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय में गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा व छाया पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में एमबीबीएस चिकित्सक शामिल हुए। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर समय-समय पर अंतरा व छाया की सेवा उपलब्ध करा रहा है। इसके लिए चिकित्सकों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। डिप्टी सीएमओ डॉ. खानचंद ने कहा कि अंतरा इंजेक्शन एवं छाया गोली परिवार नियोजन में काफी सहायक साबित हो रही है। यह एक आधुनिक एवं अस्थायी तिमाही गर्भ निरोधक साधन है। इस विधि को शुरू करने से पहले प्रशिक्षित डॉक्टर द्वारा जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उपासना गोविंद ने कहा कि दूध पिलाती मां प्रसव के छह सप्ताह बाद अंतरा अपना सकती हैं। इससे दूध की मात्रा और गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम को सीएमएस डॉ. रेनू शर्मा, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, महरोज सिद्दीकी, वैभव मिश्रा आदि ने संबोधित किया।