बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम सेल्वा कुमारी जे. से मुलाकात कर उन्हें गन्ना किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। बरौली विधायक ने बताया कि साथा सहकारी चीनी मिल में पुरानी मशीनें होने के चलते इसकी क्षमता विस्तार एवं नई मशीनों की स्थापना के लिए पूर्व में सरकार के समक्ष कई बार आंदोलन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए चीनी मिल की क्षमता के विस्तार की घोषणा की है। वर्तमान में चीनी मिल की पुरानी, जर्जर मशीनें बंद हो जाने के कारण गन्ने की पिराई बंद हो गई है।
जिसके चलते क्षेत्र के हजारों गन्ना किसान प्रभावित हो रहे हैं। चीनी मिल में कई दिनों से गन्ने की सैकड़ों ट्रैक्टर- ट्रॉलियां खड़ी हुई हैं, जिससे किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने डीएम के समक्ष मांग रखी कि चीनी मिल पर खड़े वाहनों के गन्ने को तुलवाकर अन्य निकटतम चीनी मिलों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही खेत में खड़े गन्ने को निकटतम चीनी मिलों में आवंटित किया जाए। डीएम ने बरौली विधायक को किसानों की समस्याओं का जल्द निदान कराने व किसानों के गन्ने को तत्काल तोलने के निर्देश दिए। इसके बाद बरौली विधायक साथा चीनी मिल पहुंचे और मिल के प्रबंध निदेशक रामशंकर से गन्ना पिराई न होने को लेकर वार्ता की। प्रबंध निदेशक ने बताया कि चीनी मिल को चलाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। बरौली विधायक की देखरेख में बंद पड़ी मशीनों को चालू कराया गया। बरौली विधायक ने कहा कि सरकार गन्ना किसानों के एक-एक गन्ने की पिराई कराएगी।