प्रदर्शन करते नगला पटवारी के लोग।
- फोटो : samvad
शहर के नगला पटवारी क्षेत्र में नाले की सफाई और भूमिगत निर्माण की मांग पूरी न होने से नाराज लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के आह्वान पर लोगों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाकर नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने भूमिगत नाला बनवाने की मांग की है।
मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि नगला पटवारी से गुजरने वाले नाले की लंबे समय से नियमित सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते सड़क पर जलभराव रहता है। इससे लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों का नाले में गिरने का खतरा बना रहता है, जबकि कब्रिस्तान, श्मशान घाट, मंदिर और मस्जिद जाने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि छह मई को नाले के भूमिगत निर्माण की मांग को लेकर नगर आयुक्त और उपजिलाधिकारी कोल को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में क्षेत्रवासियों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाकर विरोध दर्ज कराया। बारिश के बीच हुए प्रदर्शन में मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान शाह के नेतृत्व में लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फरमान, मीडिया प्रभारी अब्दुल हादी आदि मौजूद रहे।
नगला पटवारी क्षेत्र में नाले का निर्माण कराया जा रहा है। बारिश के चलते कुछ व्यवधान आया है। संबंधित निर्माणदायी संस्था को जल्द नाले का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस समस्या से स्थानीय नागरिकों को निजात मिलेगी।
- प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त