अतरौली स्थित बिजौली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी करने वाली महिला की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। मामले की विवेचना कर रहे एसआई सहवीर सिंह ने कस्तूरबा गांधी स्कूल व बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों से संपर्क कर जरूरी दस्तावेज एकत्रित कर लिए हैं। कासगंज में भी पालीमुकीमपुर की पुलिस ने संपर्क कर जरूरी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने अनामिका शुक्ला के नाम के शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वेतन संबंधी अभिलेख आदि साक्ष्य जुटा लिए हैं। अब तक की जांच में स्पष्ट हो रहा है कि अनामिका शुक्ला के नाम से अलग-अलग जिलों में 25 महिलाएं नौकरी कर रही थीं। अनामिका शुक्ला आखिर कौन है? यह अभी पुलिस को पता नहीं चल सका है।
अनामिका शुक्ला व उसके नाम पर फर्जी तरीके से नौकरी करने वाली महिला की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। एसओ हरिभान सिंह राठौड़ ने बताया कि जल्द ही अनामिका शुक्ला व उसके नाम से नौकरी करने वाली महिला पुलिस की गिरफ्त में होगी।
इससे पहले कासगंज में पकड़ी गई महिला ने अपना नाम प्रिया बताया है। प्रिया कासगंज जिले के सोरों स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल में अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी कर रही थी। उससे पूछताछ कर पुलिस सभी साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी हुई है।