कस्बा टप्पल के मोहल्ला फाजिदपुरा में सोमवार को उस वक्त मातम पसर गया जब दो साल का एक बालक घर में ही खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिर गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मां की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी एकत्रित हो गए।
पड़ोसियों ने बताया कि दिलशाद गांवों में फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। घटना के समय वह फेरी लगाने गया था और उसकी पत्नी रिजवाना तबीयत खराब होने की वजह से कमरे में लेटी हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य खेती के काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय खेलते वक्त दो साल का अवान पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिर गया। कुछ देर बाद जब रिजवाना बाहर आई तो बेटे को अचेत देखकर उसकी चीख निकल गई। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी एकत्रित हो गए और बालक को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। अवान दो भाइयों में छोटा था।