सीएम ग्रिड से नगर निगम को 47.90 करोड़ रुपये और मिले हैं। इस धनराशि से सड़क निर्माण, प्रमुख मार्गों का सुंदरीकरण, सीवर सफाई और पेयजल पाइपलाइनों का विस्तार कराया जाएगा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि 45.05 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे। इसमें पांच वर्षों का रखरखाव भी शामिल है।
नगर आयुक्त के अनुसार शहर के गूलर रोड, खैर रोड, आईटीआई रोड और रेलवे रोड शामिल है। उद्यान विभाग 2.85 करोड़ रुपये से सड़क सुंदरीकरण कार्य कराएगा। यह कार्य जीटी रोड पर ब्लू बर्ड स्कूल से मसूदाबाद बस स्टैंड तक और नुमाइश ग्राउंड तिराहा से अशोक चक्र जेल पुल तक होगा, इसमें हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी।
जलकल विभाग जयगंज में ट्रंक सीवर लाइन की सफाई और वार्ड-87 बनियापाड़ा में पाइपलाइन बिछाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि इन परियोजनाओं से यातायात, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति और शहर की सुंदरता में सुधार होगा। सभी कार्य पारदर्शी ई-टेंडर प्रक्रिया से कराए जाएंगे। गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रहेगा।