अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने शुक्रवार को बीटेक प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम एएमयू की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। परीक्षा में शहर के श्रेष्ठ वत्सल शर्मा ने पहली रैंक हासिल की है, जबकि छात्रा रिशिका आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रियांजलि की 22वीं रैंक आई है, एएमयू एलुमनाई श्रेणी में चौथी रैंक प्राप्त की है। एएमयू के प्रवक्ता प्रोफेसर शाफे किदवई ने बताया कि बीटेक प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी हो चुका है। जल्द ही दाखिले किए जाएंगे।
बीटेक की प्रवेश परीक्षा के लिए देश भर में केंद्र बनाए गए थे। इसमें अलीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, भोपाल, कोझीकोड, श्रीनगर में बनाए गए थे। शुक्रवार शाम परीक्षा नियंत्रक मुजीबुल्लाह जुबैरी की ओर से प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम जारी होते ही किसी के चेहरे पर मुस्कान तो किसी को निराशा हाथ लगी। महानगर के जनकपुर निवासी मनीष व रुचि शर्मा के बेटे श्रेष्ठ वत्सल शर्मा ने देश में पहली रैंक हासिल करके अपनी श्रेष्ठता को कायम कर रखा है। इससे पहले उन्होंने जेईई मेंस में देश में 1341 रैंक व जेईई एडवांस्ड में देश में 3124 रैंक हासिल की थी। श्रेष्ठ ने वर्ष 2019 में डीपीएस में 10वीं टॉप किया था, जबकि वर्ष 2021 में रेडियंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल में 12वीं में टॉप किया था।
श्रेष्ठ ने बताया कि वह कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करेंगे। इसमें उनकी दिलचस्पी है। रेडियंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल के निदेशक विनोद कुमार सिंघल व प्रधानाचार्या अंजू राठी ने पूर्व छात्र श्रेष्ठ वत्सल को बधाई देते हुए कहा कि वह शुरू से ही प्रतिभावान है। एएमयू बीटेक प्रवेश परीक्षा में पहली रैंक हासिल करके स्कूल, अलीगढ़ व अपने परिवार का नाम रोशन किया है।