अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट पार्ट-2 परीक्षा (बारहवीं) 2021 में लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ दिया। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम के अनुसार, हनीन ने विज्ञान वर्ग में 500 में से 498 अंक प्राप्त किए और एएमयू के स्कूलों में टॉप स्थान हासिल किया है। जबकि दूसरे स्थान पर रहीं समर साबरी ने कला और सामाजिक विज्ञान में 500 में से 494 अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर रहीं रिया गोयल ने कामर्स वर्ग में 500 में से 492 अंक हासिल किए।
विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को अपने सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट पार्ट-2 परीक्षा (बारहवीं कक्षा) 2021 का परिणाम घोषित किया था। कुल 2996 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से 2954 (98.59 प्रतिशत) ने सफलता हासिल की है। परीक्षा नियंत्रक एमयू जुबेरी ने बताया कि कुल 1718 लड़के और 1278 लड़कियां परीक्षा में शामिल हुए थे, उनमें से 1690 लड़कों और 1264 लड़कियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस कठिन समय में परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रों की कड़ी मेहनत की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने उन्हें भविष्य में सफलता की कामना भी की है।
डॉक्टर बनना चाहती हैं हनीन
अलीगढ़। एएमयू स्कूल की कक्षा 12 की परीक्षा में झारखंड के जमशेदपुर की हनीन ने सबसे अधिक 498 अंक हासिल किए हैं। हनीन के पिता परवेज आलम और मां शाइस्ता अंजुम दोनों डॉक्टर हैं। हनीन कहती हैं कि वह भी अपने माता-पिता की तरह डॉक्टर बनना चाहती हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के साथ-साथ अपने स्कूल की प्रिंसिपल नगमा इरफान को देती हैं। हनीन की सफलता से उनका पूरा परिवार बहुत खुश है। उनकी मां शाइस्ता अंजुम अलीगढ़ की रहने वाली हैं और फिलहाल, जमशेदपुर में चिकित्सा कार्य कर रही हैं।
न्यायिक सेवा में जाने का सपना है समर का
अलीगढ़। दूसरे स्थान पर रहीं समर साबरी मूल रूप से सहारनपुर की गीता कॉलोनी, किला नवाबगंज रोड की रहने वाली हैं। इस समय वह सहारनपुर में ही हैं। उनके पिता मुनव्वर साबरी बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से रिटायर हैं। समर साबरी ने बताया कि उनका सपना न्यायिक सेवा में जाने का है। इसके लिए वह विभिन्न विधि संस्थानों में प्रवेश परीक्षा दे रही हैं। उनकी सफलता पर उनकी माता तबस्सुम साबरी ने भी खुशी जताई है। उन्हें अपनी बेटी पर नाज है।
चार्टर्ड अकाउंट बनना चाहती हैं रिया गोयल
अलीगढ़। एएमयू स्कूल की कक्षा 12 की परीक्षा में तीसरे स्थान पर रहीं रिया गोयल ने 492 अंक हासिल किए हैं। वह अलीगढ़ के मामू भांजा में रहती हैं। उनके पिता सुनील कुमार गोयल इलेक्ट्रॉनिक्स के व्यापारी हैं। रिया गोयल ने बताया कि वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं। उनकी सफलता पर उनकी मां नीलम गोयल ने खुशी जताई है। पूरा परिवार बहुत खुश है।
यह मेरे लिए बहुत ही खुशी की बात है कि एएमयू स्कूल के कक्षा 12 के परीक्षा परिणाम में टॉप तीन स्थान पर लड़कियां हैं और तीनों ही मेरे स्कूल की हैं। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में भी यह अपना यही प्रदर्शन कायम रखेंगी। मैं तीनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।
- नगमा इरफान, प्रिंसिपल सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स, एएमयू